दुर्घटना के बाद पुलिस और ग्रामीण हुए एकत्र
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ में लोधा थाना क्षेत्र के अलीगढ़-गोंडा रोड पर रविवार शाम साढ़े पांच बजे के करीब गांव सदलपुर के सामने दो बाइक सवार तीन युवक सांड से टकरा गए। सांड से टकराकर दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक होमगार्ड गम्भीर रुप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे की सूचना पर पहुंची लोधा पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों युवको की मौत की खबर से परिवार में कोहराम गया।
थाना गांधी पार्क की धनीपुर मंडी के सामने नगला माली निवासी 18 वर्षीय सौरव पुत्र रूपकिशोर कश्यप, 19 वर्षीय विलेश पुत्र विनोद कश्यप रविवार को अपने घर से बाइक पर सवार होकर गोंडा रोड स्थिति किसी गांव में किसी व्यक्ति से हलवाई का काम की बात करने के लिए मिलने जा रहे थे। जैसे ही गोंडा रोड सदरपुर गांव पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे सांड से बाइक सवार दोनों लोग टकरा गए। उनके पीछे चल रहे गोड़ा थाना क्षेत्र के गांव करहला गौरवा निवासी बाइक सवार होमगार्ड विजेन्द्र सिंह भी टकरा गए।
जिससे बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुंच गए और सूचना लोधा पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची लोधा पुलिस ने अपाचे बाइक सवार दोनों युवकों के शव कब्जे में लिए और घायल बाइक सवार होमगार्ड को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना पुलिस ने मृतक दोनों युवकों के परिजनों को और घायल होमगार्ड के परिजनों को दी। सांड से टकरा कर क्षतिग्रस्त हुई बाइकों को थाना परिसर में खड़ा कराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आए दिन आवारा जानवरों से वाहन सवारों के हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों की जानें जा रही हैं।