कोतवाली पुलिस व एनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स फोर्स) आगरा ने संयुक्त कार्रवाई कर गांजा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को पकड़ा है, जबकि उनका एक साथी भागने में सफल रहा। पकड़े गए तस्करों के पास से 51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। मामले में पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हुई है।
एनटीएफ यूनिट आगरा के निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा व इगलास कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक कोमल सिंह ने टीम के साथ 4 अप्रैल की रात गांव कजरौठ के समीप श्यौदान सिंह के खेत की मेड़ पर एक शीशम के पेड़ के पास से कृष्ण कुमार पुत्र बाबूलाल निवासी नगरिया चैन थाना सासनी जिला हाथरस, राजू पुत्र बुंदू खान व नागेंद्र कुमार पुत्र राम स्वरूप निवासीगण रुदायन थाना सासनी जिला हाथरस को पकड़ा। तीनों के पास से 51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
कोतवाली पुलिस के अनुसार मौके से आकाश निवासी पहाड़ीपुर भाग निकला। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांव सरकोरिया निवासी मोहित गाड़ी से यह गांजा लेकर आया था। सीओ डाॅ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि जब्त माल को सील किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय ने रिमांड पर जेल भेज दिया है।