तीन दुकानों में भीषण आग, भारी क्षति
अलीगढ़ (ब्यूरो)। मीनाक्षी पुल के नीचे स्थित मार्केट में देर रात करीब एक बजे कॉस्मेटिक की दुकान में आग से अफरातफरी मच गई। लोग कुछ सोच पाते कि आग ने पास की दो और दुकानों को भी चपेट में ले लिया। कॉस्मेटिक शॉप के ठीक पीछे स्थित दुकान स्वामी का घर भी आग की चपेट में आ गया। मकान में रखे गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में हड़कंप मचा रहा। देर रात दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए थे। मीनाक्षी पुल के ठीक नीचे स्थित मार्केट में राहुल शर्मा की कॉस्मेटिक की दुकान है। दुकान के ठीक पीछे उनका घर है। दुकान के पिछले हिस्से से घर का एक दरवाजा भी है। देर रात दुकान में आग लग गई। आशंका है आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। आसपास के लोगों ने आग की लपटें उठती देखीं तो दुकान स्वामी को सूचना दी। लोग कुछ सोच पाते तब तक आग ने र्दाइं ओर स्थित जूता चप्पल की दुकान और वायीं ओर स्थित बर्तन की दुकान को भी चपेट में ले लिया। जूता चप्पल की दुकान नई बस्ती निवासी मुकुल की है। जबकि वर्तन की दुकान के स्वामी का पता नहीं लगा सका था। तीन दुकानों में आग की सूचना पर तीन दमकलें मौके पर पहुंच गईं। गांधीपार्क थाने की पुलिस के साथ-साथ अग्निशमन अधिकारी संजय जायसवाल भी वहां आ गए। उधर राहुल की दुकान के पीछे उसका घर है। दुकान से घर में जाने वाले दरवाजे से आग ने घर को भी चपेट में ले लिया। घर में दो-तीन गैस के सिलेंडर रखे होने की बात कही जा रही थी। इसको लेकर लोगों में हड़कंप मचा हुआ था। खबर लिखे जाने तक दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हुए थे। आग से राहुल कल दुकान पूरी तरह नष्ट हो गई। बर्तन और जूते-चप्पल की दुकान का अगला हिस्सा जल गया।