अमर उजाला ब्यूरो
अलीगढ़। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव ने सड़क पर जगह-जगह कूड़ा-कचरा पड़े होने पर एसएफआई व सुपरवाइजर के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव ने क्वार्सी नाला व जाफरी ड्रेन नाले की सफाई का निरीक्षण किया। नाले की जाली की सफाई नहीं मिली। उसमें कूड़ा जमा था। उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित एसएफआई व सुपरवाइजर का स्पष्टीकरण तलब करने व तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सासनी गेट और भुजपुरा पर कई जगह लीकेज दिखाई दी। मौके पर सहायक अभियंता जल को निर्देश दिए गए। अगले दो घंटे में इनको ठीक किया जाए। भुजपुरा चौराहा और भुजपुरा पुलिस चौकी के पास सफाई संतोषजनक नहीं मिली। 4 से 5 कर्मचारी सड़क पर झाड़ू लगाकर कचरा नाली में डालते हुए मिले, जिस पर अपर नगर आयुक्त ने सफाई कर्मचारियों को हिदायत देते हुए कचरा एकत्रित करके उठाने के निर्देश दिए।
रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज समनापाड़ा में नाली सफाई चल रही थी, जिसकी सिल्ट सड़क पर निकली होने पर अपर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। केपी इंटर कॉलेज के पास गंदे पानी की शिकायत पर भी अपर नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया और सहायक अभियंता को तत्काल समस्या का संज्ञान लेकर निदान करने के निर्देश दिए। सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह आदि मौजूद रहे।