बैमवीरपुर में बीमार बच्चों की जांच करने पहुंचे चिकित्सक। संवाद
- फोटो : Samvad
गांव बैमवीरपुर में शनिवार को मंदिर पर पूजा अर्चना के बाद हलुआ प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। यह प्रसाद इन दो परिवारों तक भी पहुंचा था। गनीमत रही कि इससे ज्यादा लोगों तक यह हलुआ नहीं पहुंचा। जैसे ही डायरिया की खबर पहुंची तो स्वास्थ्य टीमों ने दौड़ लगा दी। पूरे गांव में स्वास्थ्य टीमों ने जांच कर दवा वितरित की और छिड़काव भी कराया गया। बाद में मरीजों की संख्या बेहद कम मिलने पर टीमों ने राहत महसूस की।
गांव में डायरिया फैलने की सूचना पर सीएचसी अतरौली प्रभारी डाॅ. खालिद, एसडीएम सहित पूरी टीम पहुंच गई। घर-घर मरीज देखे गए। इस दौरान दो जुड़वां बच्चियों की मौत की खबर मिली। साथ में कुछ मरीजों को जेएन मेडिकल काॅलेज भेजा गया। बाकी का अतरौली में उपचार शुरू कराया गया। हालांकि उमस भरे मौसम में सरकारी अस्पताल पहले से डायरिया व अन्य बीमारियों से भरे पड़े हैं। दिनभर में दो-दो सौ से अधिक बच्चे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में पहुंच रहे हैं। मगर इस मामले में फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने राहत महसूस की।
सीएचसी प्रभारी डाॅ. खालिद के अनुसार ये वाकया फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा है। मंदिर पर प्रसाद के रूप में हलुआ वितरित हुआ था। उसी के खाने से यह बीमारी हुई। बाकी उमस भरी गर्मी भी है। दो परिवारों के अलावा अन्य कोई बीमार नहीं मिला है। फिर भी जांच व दवा वितरण पूरे गांव में कराया गया है। गांव में कैंप लगाकर टीम लगातार नजर रखे हुए है।