नगलिया जड़ाना के प्रधान पति वीरेंद्र सिंह की हत्या में पंचायत चुनाव की रंजिश के साथ ही बुलंदशहर जनपद से जुड़ी एक प्रापर्टी का विवाद भी पुलिस की जांच में निकलकर आ रहा है। बताया जा रहा है कि करीब तीन करोड़ रुपये की इस प्रापर्टी को आरोपी पूर्व प्रधान खरीदना चाह रहा था, जबकि प्रधान पति वीरेंद्र सिंह बाधक बन रहा था।
हालांकि पुलिस अभी खुलकर कुछ नहीं बता रही है, लेकिन पुलिस सूत्रों से इतना पता चला है कि इस प्रापर्टी में कमीशन का कोई विवाद था। दोनों पक्षों के बीच पहले से ही चुनावी झगड़े होते रहते थे। प्रापर्टी की खरीद-फरोख्त में अड़ंगा डालने पर प्रधान पति की हत्या करवाई गई है। पुलिस ने साजिश रचने के आरोप में पूर्व प्रधान संजय कुमार और उसके दो बेटों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है, जबकि हत्या करने वालों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
11 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे जड़ाना नगलिया की प्रधान शीतल देवी के पति वीरेंद्र सिंह की गोशाला से गांव लौटते समय ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। उनके शरीर से नौ गोलियां बरामद हुई थीं। प्रधान शीतल देवी ने पूर्व प्रधान संजय सहित दीपक, दीपेश, प्रदीप व गौरव के खिलाफ साजिशन हत्या करने की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिसौदिया के अनुसार पूर्व प्रधान संजय कुमार व उसके दो बेटों दीपक व दीपेश को हजियापुर डेयरी के पास से तमंचा और कारतूस सहित पकड़ा गया। उन्होंने पुरानी रंजिश व प्रापर्टी के विवाद में प्रधान पति की हत्या कराए जाने की बात स्वीकार की है।
एनबीडब्ल्यू लेकर जम्मू जाएगी पुलिस
इस मामले में आरोपी पूर्व प्रधान संजय का भतीजा प्रदीप घटना के बाद जम्मू कश्मीर चला गया। वह एसएसबी में तैनात है और अवकाश पर गांव आया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसने वहां पर ड्यूटी पर आमद भी कर ली। अब न्यायालय से एनबीडब्ल्यू लेकर पुलिस वहां जाएगी और उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर आएगी।