अलीगढ़। एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना संदिग्ध कुल 361 मामले जांच के लिए आए हैं । इनमें से 25 केस पॉजिटिव पाए गए ,यानि कि 25 लोग कोरोना से संक्रमित थे। इनमें अकेले नोएडा के ही 23 मामले थे । जबकि एक मामला आगरा और एक मुरादाबाद का था । अलीगढ़ का अभी तक कोई भी मामला पॉजिटिव नहीं पाया गया है। उत्तर प्रदेश में कोरोना की जांच के लिए 2 केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें एएमयू का जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एक है । यहां पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से मामले जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। एएमयू जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवाई कहते हैं कि जांच के दौरान जो 25 केस पॉजिटिव पाए गए हैं उनमें एक बात सामान्य है कि सभी की ट्रैवल हिस्ट्री थी । यह सभी केस विदेश यात्रा करके लौटे थे। इनमें से कोई थाईलैंड से लौटा था, कोई यूरोपियन देश से लौटा था। इस तरह जितने भी केस कोरोना के पॉजिटिव पाए गए हैं, वह सब विदेश यात्रा करके लौटे थे।