एएमयू में बुधवार देर शाम हुए घटनाक्रम में दो छात्रों की मारपीट में एक पक्ष पर कार्रवाई व दूसरे की तहरीर तक थाने न भेजे जाने पर विरोध शुरू हो गया है। इसे लेकर भाजपा के स्नातक एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह ऐतराज जताते हुए एएमयू इंतजामिया पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों साहिल को पीटने के आरोपियों पर ऐसी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। एक तरफ पुलिस ने आरोपी को मात्र शांति भंग में पाबंद किया और एएमयू ने भी आरोपी को निलंबित तक नहीं किया। इतना ही नहीं, उसके समर्थन में एएमयू के छात्र तक नहीं आए। एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि मामले में शुक्रवार को वे एसएसपी से मिलेंगे।
उन्होंने इस मामले में शासन स्तर पर भी अवगत कराया है। कहा कि किसी तरह शोभित ने खुद को बचाया और इस दौरान दोनों ओर से हुई मारपीट में दोनों ओर से तहरीर दी गई। लेकिन प्रॉक्टर कार्यालय से छात्रों के दबाव में सिर्फ एक पक्ष की तहरीर थाने भेजी गई है।
शोभित की तहरीर को थाने न भेजा जाना एएमयू पर सवाल खड़े कर रहा है। इधर, इस मामले में छात्र नेता बल्देव चौधरी सीटू, युवा मोर्चा नेता अमित गोस्वामी आदि ने भी एएमयू की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। उन छात्रों पर भी सवाल खड़ा किया है जो साहिल के समर्थन में नहीं आए थे।
- कल जो घटना कैंपस में हुई, बेहद शर्मनाक थी। कैसे एक भाई अपने दूसरे भाई की जान का प्यासा हो गया। हालत इतने नाजुक हो गए कि हमारे दूसरे भाई को आईसीयू का मुंह देखना पड़ा। तलबा बिरादरी के अंदर इतना गुस्सा था कि मैंने अपनी जान पर खेल कर उस छात्र को भीड़ से निकाला, क्योंकि हमें ये पैगाम देना है कि हम अमन पसंद लोग हैं और कानून पर यकीन रखते हैं। तलबा बिरादारी ने मुझ पर यकीन कर इसका सबूत भी दिया। हमारा वो भाई अब खतरे से बाहर है । हम कानूनी तौर पर दोषी को सजा दिलाएंगे। - ज़ैद शेरवानी, पीएचडी स्कॉलर