टेंपो सवार महिलाओं ने सेवानिवृत्त सूबेदार के थैले से दो लाख रुपये पार कर दिए। घर पहुंचने पर रुपये निकलने की जानकारी हुई तो पीड़ित के होश उड़ गए। मामले में रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
घटना 16 मार्च की दोपहर 12 बजे की है। थाना टप्पल के गांव सालपुर निवासी सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार प्रकाश चंद्र शर्मा भारतीय स्टेट बैंक खैर से दो लाख रुपये निकालने के बाद टेंपो से अपने घर लौट रहे थे। रुपये एक थैले में रखे थे। टेंपो में एक तरह एक युवती और दूसरी तरफ एक महिला बैठी हुई थी। दोनों ने चेहरे पर नकाब पहन रखा था।
गांव पहुंचने के बाद प्रकाश चंद्र शर्मा ने अपना थैला देखा तो वह कटा हुआ था। उसमें रखे दो लाख रुपये गायब थे। उन्होंने थाने पहुंचकर तहरीर दी। खैर पुलिस के अनुसार मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों टप्पेबाज महिलाओं की तलाश की जा रही है।