11 फरवरी को ग्राम तेजपुर में बरात चढ़त के दौरान बरातियों में आपस में झगड़ा हो गया। इस दौरान वह एक ग्रामीण के दरवाजे पर रखी ईंटें उठाकर एक-दूसरे पर फेंकने लगे। जब ग्रामीण और उसकी बेटियों ने अपनी ईंटें फेंकने से मना किया, तो बरातियों ने पिता-पुत्रियों को ही ईंटों से बुरी तरह से पीटकर लहूलुहान कर दिया। घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मामले में चार नामजद व पांच अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने नामजद आरोपियों को दबोच लिया, जिनके पास से कारतूस भी बरामद हुए हैं।
तेजपुर निवासी बलवीर पुत्र रामसहाय के बेटी की बरात गांव आई थी। गांव निवासी शमशुद्दीन के अनुसार रात करीब साढ़े दस बजे बरात चढ़त के दौरान चार बरातियों में आपस में झगड़ा हो गया। उनके भाई मुमताज के घर के सामने रखी ईंटों को उठाकर वह एक-दूसरे पर फेंकने लगे। इस पर मुमताज और उनकी बेटियों हिना व रीना ने ईंटें फेंकने से मना किया तो झगड़ रहे बरातियों ने मुमताज और उनकी बेटियों पर ही ईंटों से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
तीनों का जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है, जहां मुमताज की हालत नाजुक बनी हुई है। शमशुद्दीन की तहरीर पर बराती कुलदीप पुत्र राजेंद्र, विक्रम पुत्र विजयपाल, अर्जुन उर्फ युधिष्ठिर पुत्र विजयपाल निवासीगण कलूपुरा इमलौठ और राहुल पुत्र हरपाल निवासी दोगवां थाना डिबाई जनपद बुलंदशहर और पांच अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना पुलिस के अनुसार 12 फरवरी की सुबह लगभग साढ़े सात बजे उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक उपेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल तीव्र कुमार ने सुमेरा झाल से चारों नामजद आरोपियों को दबोच लिया। उनके पास से 315 बोर के कारतूस और खोखा भी बरामद हुए हैं। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।