उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से राजा महेेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) अलीगढ़ के कुलपति प्रो. चंद्रशेखर ने मुलाकात करके उनसे 15-20 कमरे वाला कार्यालय मुहैया कराने की फरियाद की। विश्वविद्यालय के संबंध में कुलपति की मुख्यमंत्री से यह तीसरी मुलाकात है।
विश्वविद्यालय का निर्माण अंडला लोधा में हो रहा था, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते निर्माण कार्य को रोक दिया गया है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन अपने कार्यों को अस्थायी कार्यालय से संचालित कर रहा है। यह कार्यालय थाना सिविल लाइन के सामने सिंचाई विभाग के भवन में है, जिनमें चार, पांच कमरे हैं। इसमें में दो कमरे काफी छोटे हैं। एक-एक कमरा कुलपति व कुलसचिव के लिए हैं, जबकि एक कमरा अतिथि कक्ष के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर एक साथ 10-15 महाविद्यालयों के शिक्षक व कर्मचारी आ गए तो बैठाने के लिए जगह भी कम पड़ जाती है। तीन दिन पहले कुलपति ने मुख्यमंत्री से लखनऊ में मुलाकात की। उन्होंने अस्थायी कार्यालय की जगह कम होने के संबंध में उन्हें अवगत कराया। अनुरोध किया कि अगर 15-20 कमरे का कार्यालय मिल जाए तो बेहतर होगा। इस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी से मुलाकात करने के लिए कहा है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव महेश कुमार ने बताया कि जल्द ही डीएम से कुलपति मुलाकात करेंगे।