महानगर के किशनपुर इलाके में सोमवार की देर शाम 11वीं की छात्रा पर सरेराह आग लगाने के इरादे से पेट्रोल छिड़कने वाले आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में स्वीकारा कि एकतरफा प्यार की बात सही है। मगर सरेराह टीका-टिप्पणी के दौरान छात्रा अपने दोस्त के साथ उस पर हमलावर हो गई थी। पहले मुंह पर मिर्च फेंकी, फिर डंडे से पीट दिया। इसी गुस्से में उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद वह सीधे घर पहुंचा। कुछ देर बाद वहां से निकलने की फिराक में था, तभी दबोच लिया गया। मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया है
।
किशनपुर निवासी अनुसूचित जाति की छात्रा एक दुकान पर नौकरी करती है, जहां से वह सोमवार की देर रात लौट रही थी। तभी यह घटनाक्रम हुआ। रात में छात्रा की ओर से मोहल्ले के ही कौशल उर्फ केके पर क्वार्सी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। इधर, घटना के कुछ देर बाद ही पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान उजागर हुआ कि आरोपी काफी समय से छात्रा का पीछा कर रहा था। सोमवार को छात्रा के साथ उसका दोस्त भी था, जिसे देखकर केके कुछ चिढ़ गया था और उसने छात्रा से अपशब्द कह दिए। इसके जवाब में छात्रा ने गाली दी तो केके ने उसे थप्पड़ जड़ दिया।
इस पर छात्रा और उसका साथी उग्र हो गया। पहले उसके चेहरे पर मिर्च फेंकी और फिर डंडे से पीटा। किसी तरह वह भागकर सीधे अपने घर पहुंचा। घर में एक खराब बाइक से निकला हुआ पेट्रोल बोतल में रखा था, जिसे उठाकर लाया और छात्रा को सबक सिखाने व जलाने के इरादे से उस पर छिड़क दिया। हालांकि छात्रा के साथी ने बचाने का प्रयास किया, मगर वह कमजोर साबित हुआ। इसी बीच एक स्कूटी सवार वहां आया, जिसे देखकर वह भाग निकला।
-इस घटना में आरोपी केके उर्फ कौशल को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया। उससे व छात्रा से हुई पूछताछ में एकतरफा प्यार व छात्रा की मोहल्ले के दूसरे युवक से दोस्ती में विवाद होना और छात्रा के हमलावर होने पर घटना को अंजाम देना उजागर हुआ है। आरोपी को दोपहर में जेल भेज दिया गया। उससे बाइक व पेट्रोल की बोतल भी बरामद हुई है।-श्वेताभ पांडेय, सीओ तृतीय।