बुधवार की शाम करीब सात बजे लुटेरों ने साधु आश्रम से कासिमपुर मार्ग और सफेदपुरा गांव के बीच एक घंटे के भीतर दो जगह लूट की घटनाओं को अंजाम दिया। इसमें एक मैकेनिक और एक इंजीनियर दंपती से रुपये और जेवरों की लूट हुई। लोगों का कहना है कि लूट की दोनों वारदातें एक घंटे के अंदर ही हुई हैं। पहली वारदात के बाद ही पुलिस सड़कों पर सक्रिय हो जाती तो दूसरी वारदात नहीं होती। वहीं थाना प्रभारी बृजपाल सिंह ने बताया कि लुटेरों की तलाश में पुलिस की टीम लग गई हैं।
अलीगढ़ शहर के नगला मानसिंह निवासी कमल सिंह पुत्र भगवानदास के अनुसार वह बायोमैट्रिक मशीन के रिपेयर का काम करते हैं। बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे वह नरौरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में पासबुक की मशीन ठीक कर बाइक से अलीगढ़ लौट रहे थे। साधु आश्रम पार करते ही अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने बराबर में अपनी बाइक लगाकर उनकी बाइक की चाबी खींचकर गिरा दिया। इसके बाद तमंचे तानकर मोबाइल, बैग और पर्स लूट लिया। बैग में जरूरी साफ्टवेयर और कागजात थे। कमल सिंह का आरोप है कि उन्होंने राहगीरों की मदद से तत्काल वारदात की सूचना पुलिस को दी लेकिन पुलिस सक्रिय नहीं हुई।
वहीं इस वारदात के एक घंटे के अंदर ही दूसरी वारदात साधु आश्रम से कासिमपुर मार्ग पर नरौली गांव के समीप शाम करीब सवा सात बजे हुई। गोधा थाना क्षेत्र के गांव छलेसरा निवासी अभिषेक कुमार उर्फ राहुल ने पुलिस को बताया कि बुधवार की शाम वह अपनी पत्नी रोशनी के साथ अलीगढ़ से गांव लौट रहे थे। नरौली गांव के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने चलती बाइक को लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद तमंचे तानकर उनकी पत्नी रोशनी की अंगूठी, मंगलसूत्र रेशमपट्टी, मोबाइल और पांच हजार रुपये लूटकर साधु आश्रम की ओर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।