महानगर के क्वार्सी बाईपास की इंजीनियर कालोनी के मुहाने पर यूट्यूबर्स दंपती और उनके सहयोगियों को लूट का प्रांक शूट करना भारी पड़ गया। पब्लिक ने लूट के शूट में लुटेरे का किरदार निभा रहे युवक व उसके सहयोगी को लुटेरा समझ दबोच लिया। दोनों को जमकर धुना गया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। मगर थाने पहुंचने पर सच सामने आया।
किशनपुर क्वार्सी के सौरभ व नूतन यू-ट्यूबर्स दपंती हैं। उनका साथी ज्ञान सिंह तस्वीर महल के भोजनालय पर रसोईया का काम करता है। ये तीनों अपने अन्य साथियों संग इंजीनियर कालोनी के गेट पर लूट का एक प्रांक वीडियो शूट करने गए। जहां ज्ञान सिंह लुटेरा बनकर चाकू दिखाकर दंपती से मोबाइल लूटता है। इस सीन को शूट किए जाने के दौरान दंपती ने कहानी के अनुसार शोर मचाया।
इसी पर राहगीर व आसपास की पब्लिक ने भागते ज्ञान सिंह को लुटेरा समझ दबोच लिया। इस दौरान दंपती भी बीचबचाव में आए तो सौरभ को उसका साथी समझ दबोचकर दोनों को पीट दिया और पुलिस के हवाले कर दिए। थाने लाकर जब पूछताछ शुरू हुई ाते सच सामने आया। खुद नूतन भी वहां आ गई और सच बताया। इंस्पेक्टर के अनुसार दोनों को महिला के सुपुर्द कर दिया गया। लूट की सूचना सही नहीं थी। इधर, जिस दौरान पब्लिक दोनों को पीट रही थी, तभी एक महिला का मोबाइल भीड़ में किसी ने पार कर दिया।
किशोरी के अपहरण की कोशिश का शोर मचा
इंजीनियर कालोनी के गेट पर दोपहर में जिस तरह लूट का प्रांक का घटनाक्रम हुआ। उसी जगह शाम को एक किशोरी के अपहरण की कोशिश का शोर मचा। हालांकि पुलिस इस सूचना से इंकार कर रही है। मगर बताया गया है कि कालोनी में काम करने वाली किशोरी घर जा रही थी। तभी बाइक सवार दो युवकों ने किशोरी को बोरे से ढककर ले जाने की कोशिश की। मगर किशोरी के शोर पर पब्लिक फिर हरकत में आई, जिसके चलते आरोपी भाग गए। मगर पुलिस का कहना है कि ऐसी कोई जानकारी नहीं आई है।