जिले में रामघाट - कल्याण मार्ग के अलावा विभिन्न मार्गों पर हो रहे गहरे गड्ढ़ों को भरने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। इसमें तेजी से गड्ढ़ों को भरने व टूटी सड़कों की मरम्मत करने का काम किया जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि बरसात शुरू होने से पहले ही सड़कों की स्थिति में सुधार कर लिया जाए। इसके लिए बजट भी जारी किया जा चुका है। अधिशासी अभियंता सुनील कुमार चौहान ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों के लिए ब्लॉक वाइज बजट मिल जाने के बाद मरम्मत व गड्ढ़े भरने का काम शुरू कर दिया गया है। अब तक 40 फीसदी से अधिक का काम पूरा कर लिया गया है। एक सप्ताह में मरम्मत का शत - प्रतिशत काम पूरा कर लिया जाएगा।