नुमाइश में चलते फिरते सिनेमा हॉल में फिल्म देखते लोग
- फोटो : अमर उजाला
रोटी, कपड़ा और मकान लोगों के लिए जरूरी हो सकता है, लेकिन मनोरंजन के बिना जिंदगी नहीं चलती। धीमी रोशनी में, बेहतरीन पर्दे पर फिल्में देखना शायद हर किसी का शौक होता है। शहरों में तो लोगों का यह शौक पूरा हो जाता है लेकिन गांवों में अभी भी लोग इसका मजा नहीं ले पाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बुलंदशहर के जहांगीराबाद के योगेंद्र चौहान ने एडवांचर एनोमशन रियल फीलिंग 3 डी का एडवांस वर्जन 12 डी के तहत चलता-फिरता सिनेमा तैयार किया है।
इस समय नुमाइश में कोतवाली थाने के पास इसे लगाया गया है। यह सिनेमाघर आने वाले दर्शकों को खूब भा रहा है। इसे देखने की टिकट 70 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है। एक बार में अधिकतम आठ लोग ही इसमें हॉरर फिल्म देख सकते हैं। इसकी अवधि चार से पांच मिनट रखी गई है।
इस दौरान दर्शकों को अपनी सीट हिलती-डुलती दिखती है। दर्शक इसे चश्मे की सहायता से ही देख सकते हैं। योगेंद्र बताते हैं कि नुमाइश में सिनेमाघर को दूसरी बार लगाया गया है। इस बार दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। अभी शुरूआती समय है। आने वाले दिनों में भीड़ और भी बढ़ेगी। ऐसे में अच्छी आमदनी होगी।