फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश का कहर... ढह गए कई लोगों के आशियाने

सार

जिले में तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है।परिजनों ने उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।ग्रामीणों ने चालक से एंबुलेंस के खराब होने का कारण पूछा तो चालक ने कहा कि बैटरी काम नहीं कर रही है।
विज्ञापन
जलाली के शेखुपुर गांव में गिरी कालू सिंह के घर की छत। - फोटो : HARDUAGANJ
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले में तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। बारिश के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में दर्जनों लोगों के आशियाने गिरकर मलबे के ढेर में तब्दील हो गए हैं। बेघर हुए लोग रात गुजारने के लिए ठिकाना तलाश रहे हैं। कहीं-कहीं स्कूलों की दीवारें भी गिर गई हैं। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पीड़ितों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
विज्ञापन

अतरौली के सालारपुर में दो मकान गिरे
अतरौली क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से गांव सालारपुर में केहर सिंह समेत दो लोगों के मकान गिर गए। इससे उनका लाखों का नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने पड़ोसियों के यहां आसरा लिया है। मकान गिरा तब घर में कोई नहीं था। ग्राम प्रधान ने पीड़ितों को प्रशासन से मदद दिलाने की मांग की है।
गभाना में गिरे दो घर, एक महिला घायल
गभाना के गांव हुरर्सेना में रामकिशन के मकान की छत गिर गई। जिससे मलबे में दबकर घरेलू सामान नष्ट हो गया। वहीं, सुमेरपुर गांव में मेघ सिंह के घर की छत गिर गई। मलबे में दबकर पत्नी गायत्री देवी घायल हो गई। परिजनों ने उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। तहसीलदार उषा सिंह ने बताया कि पीड़ित की हर संभव मदद की जाएगी।
विज्ञापन

दादों में कई लोगों के घर की दीवार गिरी
थाना दादों क्षेत्र के गांव आलमपुर फतेहपुर निवासी नेम सिंह कुशवाह, गांव नगला ककरौआ निवासी मनोज कुमार, शिव सिंह, गांव नगला लाले निवासी श्रीनिवास, राजा राम, नेम सिंह, गांव नगला मुंडा निवासी राम सेवक, गांव पिथनपुर मोहकमपुर निवासी अनोखे, हरिओम, मुनेश, सत्यपाल, राम सिंह, ओमपाल आदि के मकानों की दीवार गिरने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।
तालिबनगर में ढहे दो मकान
जवां के गांव तालिबनगर में बारिश में दो मकान ढह गए। गांव निवासी आशीष माहेश्वरी ने बताया कि उसका काफी पुराना मकान था। बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे मकान भरभराकर गिर गया। जिससे घर में रखा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
राजेश ने बताया कि उसका घर कच्चा बना हुआ था। लगातार बारिश होने से मकान गिर गया। इधर, गोधा के गांव बहादुरपुर में प्राथमिक विद्यालय की दीवार गिर गई। गनीमत रही कि इस दौरान विद्यालय बंद था।
अकराबाद के धौरी में भरभराकर गिरे तीन मकान, मां-बेटा घायल
अकराबाद। अकराबाद के गांव धौरी में बृहस्पतिवार की शाम एक मकान भरभरा कर गिर गया। मलबे में दबकर मां-बेटा घायल हो गए। पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। गांव धौरी निवासी मकान स्वामी रूपेंद्र पुत्र स्व, महेश चंद्र ने बताया है कि पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान के आसपास जलभराव हो गया था। बृहस्पतिवार की शाम समय करीब 4:30 बजे मां मीरा देवी भाई देवेंद्र के साथ घर के अंदर खाना पकाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान मकान की दीवार गिर गई। मलबे में दबकर मां-बेटा घायल हो गए। वहीं इसी गांव के राकेश कुमार एवं महावीर के घर की दीवार भी बारिश में गिर गई। इधर, गांव तीन मकान गिरने से ग्रामीणों का रोष पनप गया। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान की अनदेखी के चलते गांव में जलभराव की समस्या है। जिससे लोगों के घरों में सीलन आ रही है।
मलबे में दबे घायलों को लेने पहुंची एंबुलेंस हो गई खराब
गांव धौरी में बारिश के चलते गिरे मकान के मलबे में दबने से घायल हुए मां-बेटों को लेने आई एंबुलेंस घायलों के घर पहुंचने से सौ मीटर पहले ही खराब हो गई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। ग्रामीणों ने चालक से एंबुलेंस के खराब होने का कारण पूछा तो चालक ने कहा कि बैटरी काम नहीं कर रही है। ग्रामीण एंबुलेंस में धक्का लगाते रहे, लेकिन एंबुलेंस स्टार्ट नहीं हुई। लोगों ने अधिकारियों से बता की उसके बाद दूसरी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों अस्पताल लेकर पहुंची।
हरदुआगंज व जलाली में मकानों पर गिरी बिजली, कई घर भी गिरे
हरदुआगंज-जलाली क्षेत्र में भी कई जगहों पर घरों की छत जमींदोज हो गईं। इस दौरान मलबे में दबकर दो लोग घायल भी हो गए। वहीं, जलाली के खिटकारी गांव में बिजली का तार टूटने से एक भैंस की मौत गई। पीड़ित ने बिजली कर्मियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। जिला पंचायत सदस्य रवि खटीक ने एक्सईएन से शिकायत कर पशुपालक को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
हरदुआगंज देहात गांव में बंटी चौहान की छत पर पड़ोसी की दीवार गिर गई। मलबे के वजन से बंटी के घर की छत भी गिर गई। हादसे में बंटी का बेटा विकास भी मलबे में दबकर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुरुसिकरन गांव के प्रेमपाल सिंह के तीन बेटे एक ही घर में तीन कमरों में रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह घर की छत गिर गई। मलबे की चपेट में आकर जितेंद्र घायल हो गया। मोहल्ला जहांगीराबाद निवासी रामवीर सिंह के मकान पर बृहस्पतिवार दोपहर तेज आवाज के साथ बिजली गिर गई। बिजली गिरने से मकान की दीवारों के साथ छत और फर्श भी चटक गए। मोहल्ला बोहरान के सुबोध गर्ग के मकान पर भी बिजली गिर गई। इससे घर के बिजली उपकरण जल गए। जलाली क्षेत्र के शेखुपुर गांव में कालू सिंह व वीरेंद्र राणा मकान की छत गिर गई। ग्राम प्रधान गिरीश पाल सिंह ने लेखपाल को घटना की जानकारी दी है।

हरदुआगंज में बारिश के चलते गिरी मकान की छत।- फोटो : HARDUAGANJ

गंगीरी के दादों में बारिश में गिरा मकान।- फोटो : GANGIRI

दादों में बारिश के चलते गिरा मकान।- फोटो : GANGIRI

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें