देहली गेट इलाके से चार दिन से लापता ई-रिक्शा चालक का शव बुधवार को घर से चंद कदमों की दूरी पर नाले में उतराता मिला। परिजनों ने हत्या कर शव को नाले में फेंकने का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर एक घंटे तक हंगामा किया।
थाना देहलीगेट क्षेत्र की पट्टी के मामूद नगर गोंडा रोड निवासी शरीफ (32) पुत्र रहमान किराये पर ई-रिक्शा चलाता था। परिजनों के अनुसार शरीफ शनिवार को रोरावर क्षेत्र के जलालपुर में स्टैंड पर ई-रिक्शा खड़ी करने गया था। फिर नहीं लौटा। परिजनों ने थाना देहलीगेट में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह शरीफ का शव उतराता मिला।
इधर, दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर मोहल्ले में पहुंचे तो शाहजमाल चौकी के सामने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सीओ प्रथम अभय पांडे थाना रोरावर व देहलीगेट पुलिस को लेकर आ गए। बसपा नेता सलमान शाहिद भी परिवार के समर्थन में आ गए।
सीओ के समझाने और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर ही वे शांत हुए। सीओ प्रथम अभय पांडे के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिवार जो तहरीर देगा, उसके आधार पर साक्ष्य संकलित किए जाएंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी तरह की चोट नहीं पाई गई है। पानी में डूबने से मौत होना बताया गया है।