31 जुलाई की शाम करीब छह बजे टप्पल थाना क्षेत्र के गांव रामगढ़ी में एक खेत में युवक का शव मिला। वह तीन दिन से लापता था। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया।
गांव निवासी करीब 21 वर्षीय विजय पुत्र गिर्राज 29 जुलाई की सुबह करीब दस बजे अपने खेतों की ओर निकला था। इसके बाद से लापता था। परिजन लगातार तलाश कर रहे थे। 31 जुलाई की शाम करीब छह बजे एक ग्रामीण को सड़ी-गली अवस्था में शव नजर आया।
उसने सूचना दी तो पुलिस पहुंच गई। ग्रामीण जहरीले कीड़े के काटने से मौत होने का अंदेशा जता रहे हैं। उसके एक हाथ को जंगली जानवर खा गए थे। थाना प्रभारी शिशुपाल शर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शरीर पर कोई निशान नहीं मिला। परिवार से तहरीर मिलेगी, तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।