बल्लभगढ़। मिनी सचिवालय और महिला कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। पैसों की कमी के कारण काम रुका हुआ है। दोनों परियोजनाओं में अभी दस फीसदी काम बचा हुआ है। बल्लभगढ़वासियों को लघु सचिवालय की सौगात जल्दी मिलने वाली थी। सिटी थाना परिसर में बनाए जा रहे सचिवालय का काम 10 माह में पूरा होने की उम्मीद थी लेकिन कोरोना काल, एनजीटी व पेमेंट की वजह से कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इस सचिवालय में पुलिस और उपमंडल स्तर के प्रशासनिक अधिकारियों के सभी कार्यालय होंगे। सचिवालय, राजा नाहर सिंह महल के सामने सिटी थाना परिसर में करीब 10. 72 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा मिनी सचिवालय की एक करोड़ रुपये की पेमेंट रुकी हुई है। जिसकी वजह से कार्य ठेकेदार ने रोक दिया है। इंजीनियर टोनी ने बताया कि समय पर पेमेंट हो जाती है तो 10 प्रतिशत कार्य जल्द पूरा कर दिया जाएगा।
महिला कॉलेज का कार्य भी रुका
सेक्टर 2 स्थित सुषमा स्वराज राजकीय महिला कॉलेज के निर्माण कार्य का भुगतान नहीं होने की वजह से कार्य को रोक दिया गया है। कॉलेज का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अब सिर्फ 10 प्रतिशत कार्य बचा हुआ है। भुगतान नहीं होने की वजह से ठेकेदार ने करीब एक महीने से कार्य बंद किया हुआ है। सेक्टर-2 स्थित सुषमा स्वराज राजकीय महिला कॉलेज का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग के द्वारा किया जा रहा है। यह कार्य पिछले दो साल से चल रहा है। अभी नए सत्र की कक्षाएं फिलहाल अस्थायी रूप से राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तिगांव मार्ग स्थित भवन में लगाई जा रही हैं। भवन 27 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला बनाया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता प्रदीप संधू ने बताया कि दोनों के निर्माण रुका हुआ है। सरकार की ओर से पेमेंट जारी होनी है। दोनों प्रोजेक्ट पर करीब 10 प्रतिशत कार्य बचा हुआ है।