अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के हाइकिंग एंड माउंटेनियरिंग क्लब में जूनियर छात्र को कप्तान बनाने के विरोध में छात्रों ने बुधवार को गेम्स कमेटी के गेट पर ताला जड़ दिया। कप्तान की तैनाती को लेकर कई दिनों से विवाद है, इस दौरान छात्रों ने नारेबाजी भी की।
हाइकिंग एंड माउंटेनियरिंग क्लब के अध्यक्ष डॉ. खुर्रम ने एक छात्र को क्लब का कप्तान बनाया था। इसके बाद से ही दूसरे छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध कर रहे छात्रों का कहना है कि जिसे कप्तान बनाया गया है, वह जूनियर है। सीनियर होने के नाते उनके साथ पक्षपात किया गया है। कप्तान के प्रकरण में शिकायतें भी की जा रही थीं।
पिछले दिनों असंतुष्ट छात्रों ने नाराजगी जताई थी। बुधवार को दोपहर करीब सवा दो बजे छात्रों ने गेम्स कमेटी के कार्यालय पर ताला जड़ दिया और नारेबाजी की। प्रदर्शन की खबर पर डिप्टी प्रॉक्टर प्रो. सैयद अली नवाज जैदी भी पहुंच गए और असंतुष्ट छात्रों को समझा-बुझाकर गेट पर लगा ताला तुड़वाया। उन्होंने छात्रों को इस प्रकरण में जांच कमेटी बनने का आश्वासन दिया। इसके बाद असंतुष्ट छात्र वहां से हटे।
हाइकिंग एंड माउंटेनियरिंग क्लब के कप्तान को लेकर छात्रों ने गेम्स कमेटी पर ताला जड़ा था। इस मामले में कुलपति को जांच रिपोर्ट दे दी है। जल्द एक कमेटी जांच करेगी। -प्रो. सैयद अली नवाज जैदी, डिप्टी प्रॉक्टर एएमयू
अभी वह बाहर हैं, लेकिन जो जानकारी मुझे दी गई है, उसमें हाइकिंग एंड माउंटेनियरिंग क्लब के कप्तान को लेकर अन्य छात्रों की नाराजगी है। जांच कमेटी इसकी जांच करेगी। -प्रो. अमजद अली रिजवी, सचिव, गेम्स कमेटी, एएमयू
क्रिकेट और ताइक्वांडो की निजी एकेडमी बंद कराने की मांग
एएमयू के शारीरिक शिक्षा विभाग में निजी एकेडमी को बंद कराने की मांग की गई है। जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव व एएमयू के जिम्नेजियम के वरिष्ठ प्रशिक्षक मजहर उल कमर ने कहा कि एएमयू एक केंद्रीय विश्वविद्यालय है। इसमें कोई भी निजी एकेडमी नहीं चल सकती है। विभाग के मैदान पर क्रिकेट और ताइक्वांडो एकेडमी चल रही है, जो नियम के खिलाफ है। यह बंद होनी चाहिए। एकेडमी संचालन की अनुमति कैसे और किसने दी, इसकी जांच होनी चाहिए। उधर, इस संबंध में शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रो. तारिक मुर्तजा का पक्ष जानने के लिए फोन मिलाया गया, लेकिन उन्होंने फोन पर बात नहीं की।