अलीगढ़। मूल रूप से अलीगढ़ की रहने वाली और इस समय लंदन में लॉक डाउन में फंसी हुई प्रेरणा मेहरा ने वापस आने के लिए एयर टिकट करवा रखे थे जिनको कि अब कैंसिल कराया है। प्रेरणा वहां तो लॉक डाउन में सावधानी बरत रही हैं लेकिन जब से उन्हें अलीगढ़ में एक केस पॉजिटिव होने का पता लगा है तब से अपने माता पिता को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है। इंटरनेट और फोन के माध्यम से प्रेरणा मेहरा बताती हैं कि इस समय यूनाइटेड किंगडम के प्राइम मिनिस्टर और स्वास्थ्य सचिव खुद कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं और आइसोलेशन में है। यहां पर हालात बेहद गंभीर हैं और जनजीवन पूरी तरह थम गया है। देश के बड़े औद्योगिक घराने रोल्स रॉयस और डायसन जैसी कंपनियां राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना को सहयोग करने के लिए आगे आई हैं। यहां पर 23 मार्च को तीन हफ्तों के लिए लॉक डाउन की घोषणा की गई थी लेकिन अब संभावना व्यक्त की जा रही है कि इस को आगे बढ़ाया जा सकता है। लॉक डाउन में सिर्फ क्लीनिंग शॉप, खाद्य सामग्री की दुकान, दवाइयां, नर्सिंग होम आदि खुले हैं बाकी पूरी तरह सब कुछ बंद है । लोगों को वर्क आउट और रनिंग के लिए दिन में एक बार निकलने की इजाजत है। सड़कों पर सिर्फ एक साथ दो लोग दिखाई दे सकते हैं वह भी उचित दूरी मेंटेन करने के बाद। यहां पर लॉक डाउन का उल्लंघन करने पर जबरदस्त तरीके से जुर्माने किए जा रहे हैं। एक व्यक्ति पर एक बार में 60 पाउंड तक का जुर्माना किया जा रहा है। प्रेरणा कहती हैं कि एक दिन पहले ही पता लगा है कि अलीगढ़ में कोरोना वायरस केस पाया गया है। इसके बाद माता-पिता की देखरेख को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है। अलीगढ़ में रहने वाले अपने परिचितों से उन्होंने अपने माता-पिता की देखभाल करने के लिए कहा है।