इस दौरान एक तरफ भीड़ जाम लगाए खड़ी थी। पुलिस गलियों में तलाश कर रही थी। तभी रात करीब 12 बजे सराय सुल्तानी पुलिस चौकी के बगल की गली में कुछ युवकों पर एक घर से पत्थर फेंका गया। जवाब में इधर से पत्थर फेंके गए तो एक हवाई फायर की भी चर्चा है और छत से फिर पत्थर फेंके गए। इस झगड़े में एक युवक के सिर में चोट आ गई। बाद में पुलिस ने वहां से कुछ लोग हिरासत में लिए हैं। कुल मिलाकर देर रात समाचार लिखे जाने तक हालात तनाव पूर्ण थे।
तत्काल गिरफ्तारी के लिए आगरा रोड पर जमी रही भीड़
इस सूचना पर वहां भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, पूर्व मेयर शकुंतला भारती, राजीव अग्रवाल, राजीव शर्मा एसजेडी, विनय वार्ष्णेय, राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमन गुप्ता, हर्षद हिंदू, विशाल देशभक्त, अजय गुप्ता, संजू बजाज सहित तमाम भाजपा नेता पहुंच गए। वहीं युवाओं की भीड़ आगरा रोड पर जाम लगाए खड़ी थी। तत्काल गिरफ्तारी की आवाज बुलंद की जा रही थी। पुलिस की टीमें लोगों को समझाकर सराय सुल्तानी की ओर जाने से रोके हुए थीं और गिरफ्तारी के लिए दबिश अभियान जारी था। वहीं आगरा रोड पर दोनों ओर से आवाजाही भी बंद कर दी गई थी।
सीओ पर आरोप लगाकर वापस लौटाया
इस घटना की खबर पर सीओ मौके पर कुछ देरी से पहुंचे। इस दौरान युवकों की भीड़ ने उन पर यह आरोप लगाया कि वे एक तो समय पर नहीं आए और ऐसा लग रहा था कि वे नशे में थे। इस पर उनके खिलाफ हूटिंग करते हुए उन्हें वापस कर दिया। बाद में स्थिति को देख वे खुद ही भीड़ से हट गए।
मंदिर के पास मीट के होटल बताए फसाद का कारण
इस दौरान मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, वरिष्ठ नेता डा.राजीव अग्रवाल ने शहर के प्रमुख धर्मस्थल से चंद दूरी पर मीट के होटल फसाद का कारण बताए हैं। युवाओं की भीड़ के समर्थन में उन्होंने कहा है कि जब तक ये होटल नहीं हटेंगे, तब तक हालात नियंत्रित नहीं होंगे। साथ में गिरफ्तारी की बात उठी है।
इस सूचना पर सराय सुल्तानी, अचलताल चौकी प्रभारी के साथ-साथ इंस्पेक्टर सासनी गेट भी पहुंच गए थे। उनके सामने हिमांशु पक्ष के युवकों ने जब दूसरे पक्ष की ओर पथराव किया और दुकानों पर ईंट पत्थर फेंके तो उधर से भी जवाब आया। यह देख कुछ देर लगा कि हालात बेकाबू हो रहे हैं। फोर्स कम है। मगर इंस्पेक्टर ने जैसे तैसे भीड़ को धकेलकर पीछे किया और इसी बीच अन्य फोर्स व अधिकारी पहुंच गए।
शहर भर में दुकानों पर पुलिस ने चलाया डंडा
आगरा रोड सराय सुल्तानी पर दो समुदायों में पथराव की खबर शहर भर में कुछ ही देर में फैल गई। तरह तरह की अफवाहें उड़ती रहीं। इस दौरान पुलिस भी सतर्क हो गई और मिश्रित आबादी व भीड़ वाले इलाकों में दुकानों को बंद कराकर लोगों को घरों में भेजा गया।
पुराने शहर में विशेष सतर्कता की तैयारी
इस घटना के बाद सासनी गेट, कोतवाली व देहली गेट के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस स्तर से विशेष सतर्कता की तैयारी है। इसे लेकर बाकायदा ड्यूटी आदि लगाई जा रही हैं।
शहर के चंद संवेदनशील इलाकों में शुमार है सराय सुल्तानी
सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील शहर के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सराय सुल्तानी बेहद संवेदनशील इलाकों में शामिल है। इसी वजह से मदार गेट से चंद कदमों की दूरी पर यहां पुलिस चौकी भी बनी हुई है। हालांकि अर्से बाद यहां दो समुदायों के बीच टकराव की घटना सामने आई है। मगर पुलिस रात में बेहद चौकन्ना है और तनाव भी बरकरार है।
सराय सुल्तानी में दो पक्षों के बीच में झगडे़ में पत्थर चले हैं। दो युवकों के चोट आई है। देर रात तक स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश व लोगों को समझाने में पुलिस टीमें लगी हैं। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-कलानिधि नैथानी, एसएसपी
सराय सुल्तानी में एक खाने के ढाबे के बाहर झगड़ा हुआ है। घटना की मूल वजह पता करने के साथ-साथ स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। बाकी सभी कार्रवाई नियम संगत होंगी।
-इंद्र विक्रम सिंह, डीएम