अलीगढ़ के अकराबाद में शनिवार की सुबह करीब छह बजे जीटी रोड पर गांव जसरथपुर के पास एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार एक व्यक्ति और उनकी शादीशुदा बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के ही चार अन्य लोग घायल हो गए। यह सभी लोग परिवार के एक बीमार सदस्य को लेकर इलाज कराने अलीगढ़ जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
एटा शहर के श्याम नगर कॉलोनी निवासी लालबाबू पुत्र गंगा सहाय की तबीयत खराब थी। उनका जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। शनिवार की सुबह लालबाबू की पत्नी मनोरमा देवी अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बीमार पति को लेकर इलाज कराने अलीगढ़ जा रही थी। सुबह करीब छह बजे जीटी रोड पर गांव जसरथपुर के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार लालबाबू, उनकी पत्नी मनोरमा देवी, पुत्री मैकी देवी,पीयूष, मुकेश कुमार, विजय कुमार घायल हो गये।
हादसा होते ही घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौजूद लोगों की मदद से सभी को कार से बाहर निकाला। एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने 75 वर्षीय लालबाबू और उनकी विवाहित बेटी मैकी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है