अलीगढ़ में थाना गंगीरी के गांव मऊपुरा निवासी एक महिला को ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला जब अपने तीन साल के बेटे को लेने ससुराल गई, तो गाली-गलौज करते हुए उसे भगा दिया। बच्चे को देने से मना कर दिया। मां ने गंगीरी थाने में तहरीर देकर बेटे को वापस दिलवाने की गुहार लगाई है।
विवाहिता पवित्रा देवी ने बताया कि शादी चार साल पहले शीलेंद्र कुमार से हुई थी। पति आए दिन शराब पीकर मारपीट करता रहता है। दो दिन पहले शुक्रवार की शाम को पति ने मुझे मारपीट कर घर से निकाल दिया और बेटे को भी मुझसे छीन लिया।
रविवार को जब अपने मायके वालों के साथ बेटे को लेने ससुराल गई, तो सास व पति ने गाली-गलौज कर भगाने की कोशिश की। जब अपने बेटे को जबरन लाने लगी, तो पूरा गांव इकट्ठा हो गया और बेटे को नहीं ले जाने दिया। मां ने थाना गंगीरी में तहरीर देकर पति व सास से बेटा को दिलवाने की गुहार लगाई है।