अलीगढ़ रेलवे स्टेशन की नई बिल्डिंग में शुक्रवार तड़के एक बेटे ने अपने पिता को चाकू से गोदकर मार डाला। इस बीच बेटे ने स्टेशन पर जीआरपी थाने पहुंचकर बताया कि उसके पिता के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। जिस पर जीआरपी मौके पर पहुंची तो बाथरूम में रक्तरंजित शव पड़ा मिला। पास में ही शराब की खाली बोतल पड़ी मिली।
पुलिस ने बेटे से कड़ी पूछताछ की तो उसने हत्या करने का जुर्म स्वीकार कर लिया। रेलवे स्टेशन पर हत्या की खबर पर एसपी जीआरपी मोहम्मद मुस्ताक आदि रेलवे स्टेशन मौके पर पहुंच गए। आरोपी बेटे से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटे हुए हैं। एटा जनपद के रहने वाले 55 वर्षीय महेंद्र पाल सिंह बेटे अनुराग उर्फ जॉनी के साथ पानीपत (हरियाणा) में मेहनत मजदूरी करते थे। दोनों पिता-पुत्र पानीपत से अलीगढ़ स्टेशन पहुंचे। जहां पहले दोनों ने मिलकर शराब पी।
इसी बीच पिता पुत्र के बीच किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी हो गई । गुस्से में बेटे ने पहले पिता को किसी खाने की चीज में जहर दे दिया। इसके बाद बाथरूम में ले जाकर चाकू से गोदकर हत्या कर डाली। हत्या करने के बाद बेटा अनुराग करीब दो बजे स्टेशन पर जीआरपी थाने पहुंचा। बताया कि उसके पिता के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। जीआरपी मौके पर पहुंची तो बाथरूम में पिता महेंद्र पाल सिंह का शव रक्तरंजित पड़ा हुआ था। पास में ही हरियाणा ब्रांड की एक शराब की खाली बोतल भी मिली।
पुलिस ने अनुराग से कड़ी पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। रेलवे स्टेशन पर हत्या की घटना के बाद अफसरों में खलबली मच गई। रेलवे के स्थानीय अफसरों के अलावा एसपी आगरा जीआरपी मोहम्मद मुस्ताक अलीगढ़ स्टेशन पर आ गए। उन्होंने घटना की जानकारी ली आरोपी बेटे से पूछताछ की। उधर सूचना पर एटा से पर जाएगी अलीगढ़ आ गए हैं। जीआरपी द्वारा पोस्टमार्टम आदि की औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है।