अबकी बारिश ने रुलाया है, ये सभी जानते हैं, मगर अब जिले को सूखा घोषित करने की तैयारी है। ऐसे संकेत प्रशासनिक तैयारियों को देख लग रहे हैं। आपूर्ति विभाग ने इसे लेकर विशेष तैयारी शुरू कर दी है। एक तरफ जहां पेट्रोल पंप व गैस एजेंसी संचालकों को स्टॉक रिजर्व रखने के निर्देश दिए गए हैं और इन्हें अपनी-अपनी एजेंसियों को मांग व मांग के अनुरूप भुगतान भी एडवांस में जमा रखने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात जरूरत पर माल तत्काल मंगाया जा सके।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी शिवकांत पांडेय की ओर से जारी सूचना व पेट्रोल पंप/गैस एजेंसी संचालकों को जारी निर्देश के अनुसार पंप संचालकों को अपने-अपने पंप पर 2000 लीटर डीजल रखना होगा। इसी तरह 1000 लीटर पेट्रोल भी सुरक्षित रखना होगा। गैस एजेंसी संचालकों को 100-100 सिलिंडर सुरक्षित रखने होंगे। यह माल सूखे के मद्देनजर रखना होगा और इसकी बिक्री व वितरण प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर ही करना होगा। साथ में वे अपनी मांग/जरूरत और उसके अनुसार भुगतान का डिमांड ड्राफ्ट एडवांस में अपनी कंपनियों को देकर रखना होगा। ताकि किसी भी जरूरत पर कंपनी से माल लिया जा सके। डीएसओ शिवकांत पांडेय स्वीकारते हैं कि अभी कोई किसी तरह का निर्देश नहीं है। यह हमारी फौरी तैयारी है। किसी भी जरूरत पर हम काम शुरू कर देंगे। इस विषय में सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इशहाक व पूर्व महासचिव मनोज यादव कहते हैं कि हम पहले से कहते आ रहे हैं। हालात खराब होने वाले हैं। अब सूखे की आड़ में जनता पर बोझ की तैयारी है।
जिले में ये भी तैयारी-
-1300-1300 मीट्रिक टन गेंहू और चावल रखा है सुरक्षित
-630-630 मीट्रिक टन चना, दाल व खाद्य तेल भी सुरक्षित
---
ये भी खास तथ्य
-2.72 लाख गैस संयोजन आपूर्ति विभाग में हैं जिले में दर्ज