महेश्वरी समाज के चुनाव में वोट डालती महिला।
- फोटो : CITY OFFICE
श्री महेश्वर इंटर कॉलेज सासनीगेट प्रबंध समिति के चुनाव के लिए रविवार को 1644 में से 1104 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान के बाद मतगणना शुरू हो गई। 100 मत गिने जा चुके थे। रात होने के चलते मतगणना रोक दी गई। अब मतगतणना सोमवार सुबह 10 बजे से होगी।
पुलिस सुरक्षा के बीच सात बूथों पर मतदान शुरू हुआ। निर्धारित समय तक 1104 मतदाताओं ने रजिस्टर में अपना नाम दर्ज कराकर मतदान किया। इसके बाद मतों की गिनती के लिए 25 - 25 मतों के 44 बंडल बने। इसके अलावा तीन मत के अलग बंडल बने। इस हिसाब से 1103 मत आए, जबकि रजिस्टर पर 1104 लोगों के नाम दर्ज हैं। एक मत कहां गया, यह किसी को जानकारी नहीं है। चुनाव अधिकारी डालेश काकरान ने बताया कि रात 8:30 बजे तक चार राउंड की मतगणना हो चुकी थी। 100 मतों की गिनती की जा चुकी है। इसके बाद मतगणना रोक दी गई। सोमवार सुबह 10 बजेे आगे की मतगणना होगी। मत पेटिकाएं पीएसी के 16 और यूपी पुलिस के तीन जवान की सुरक्षा में रखवा दी गईं हैं।