अमर उजाला ब्यूरो अलीगढ़। यूपी बोर्ड ने इंटर व हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। श्री ज्वाला प्रसाद अग्रवाल स्मारक इंटर कॉलेज विजयगढ़ के छात्र शोभित वर्मा ने 94 फीसदी अंक के साथ प्रदेश के हाईस्कूल टॉप टेन में जगह बनाई। वहीं, शोभित ने हाईस्कूल में जिला टॉप किया। शोभित ने 600 में से 564 अंक हासिल किए। अपने शिक्षक चाचा महेश कुमार के साथ रहकर शोभित ने यह उपलब्धि हासिल की है। शाभित का पैतृक घर शाहजहांपुर के कोआयां तहसील के ब्लॉक खुटार के गांव गढ़िया सरैली में है। उनके पिता ओमकार वर्मा हैं, जो खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि मां शकुंतला देवी गृहणी हैं। गांव में पढ़ाई का माहौल न मिल पाने के चलते शाेभित बचपन में ही अपने चाचा महेश कुमार के पास अलीगढ़ आ गए थे। महेश कुमार महात्मा गांधी इंटर कॉलेज विजयगढ़ में भूगोल विषय के शिक्षक हैं। शोभित अपनी दो बहनों व एक भाई से छोटे हैं। -------------------- चिकित्सक बनकर सेवा करूंगाः शोभित जिला टॉपर शोभित वर्मा ने कहा कि वह चिकित्सक बनना चाहते हैं, जिसकी तैयारी इसी साल से शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सक बनने की एकमात्र वजह यह है कि वह लोगों की सेवा करना चाहते हैं। जो भी उन्हें सफलता मिली है, उसमें उनके गुरुजनों, माता-पिता व चाचा की अहम भूमिका है। रोजाना आठ-नौ घंटे पढ़ाई करते हैं। शोभित ने कहा कि उनके पास मोबाइल नहीं है, क्योंकि यह ध्यान को भटकाता है और उन्हें सोशल मीडिया को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं है।