सुबह-सुबह घने कोहरे के कारण अलीगढ़ के अकबराबाद क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग, अतरौली कोतवाली के गांव गनेशपुर गोविंदपुर, नदरई पुल, हाथरस के ही सादाबाद क्षेत्र में गांव गुतहरा पर सड़क दुघर्टना में सात लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
मौसम के बदलते रंग के साथ अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्र में कोहरा कहर ढाने लगा है। अलीगढ़ के अकबराबाद क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार की सुबह लगभग 25 वाहन घने कोहरे की वजह से आपस में टकरा गए। हादसों में दो लोगों की जान चली गई जबकि तकरीबन 60 लोग घायल हो गए। हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में बोलेरो 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। दो हादसों में दो अन्य लोगों की जान चली गई।
विज्ञापन
घने कोहरे की वजह से अकबराबाद क्षेत्र में एक के बाद एक वाहन आपस में टकराते रहे। जिला एटा के निधौली कला निवासी कैंटर चालक अशोक कुमार (42) पुत्र ओमप्रकाश एवं कल्लू उर्फ योगेंद्र सिंह की हादसे में मौत हो गई। अशोक कुमार एवं कल्लू सोमवार की सुबह एटा से अपनी अपनी गाड़ियों में धान लादकर अलीगढ़ मंडी ले जा रहे थे। सुबह छह बजे कैंटर थाना अकराबाद क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव खेड़ा नरायन सिंह के समीप पहुंचा। उनके आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने हाईवे कट पर यू टर्न लेने के उद्देश्य से ट्रक में ब्रेक लगा दिए। घने कोहरे की वजह से कैंटर चालकों को ट्रक दिखाई नहीं दिया। दोनों कैंटर ट्रक में पीछे से भिड़ गए।
अतरौली कोतवाली के गांव गनेशपुर गोविंदपुर के निकट सुबह कोहरे के कारण बाइक सवार अनिल बघेल (25) गैस से भरे कैप्सूल टैंकर से टकरा गया। इससे अनिल की मौत हो गई। उधर, हाथरस के सिकंदराराऊ के गांव मूड़ा नौजरपुर की महिला को रविवार की रात करीब आठ बजे कासगंज के अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वापस लौट रही, बोलेरो नदरई पुल के समीप 50 फिट गहरी सूखी खाई में गिर गई। हादसे में संजू पुत्र ठाकुरदास (35), दामोदर सिंह पुत्र करन सिंह (55) और मथुरी पुत्र प्रताप सिंह (45) की जान चली गई।
विज्ञापन
हाथरस के ही सादाबाद क्षेत्र में शादी समारोह में जा रहे आसिफ (20) पुत्र रज्जाक निवासी नीमगांव राया जिला मथुरा की बाइक गांव गुतहरा के निकट घने कोहरे के चलते बाइक दीवार से टकरा गई। इससे आसिफ की मौत हो गई।