अलीगढ़। एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना वायरस संक्रमण के सैंपल की जांच में दूसरी मशीन शुरू होने के बाद अब तेजी आ गई है। पहले जहां 125 से 150 सैंपल तक जांच हो रही थी, वहीं अब प्रतिदिन 250 से अधिक सैंपल की जांच हो रही है। शुक्रवार को 276 सैंपल की जांच की गई, जिसमें जेएन मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर और मथुरा के एक व्यक्ति को कोरोना पाया गया। मेडिकल कॉलेज में अब तक 3859 सैंपल की जांच हो चुकी है। जिसमें 97 पॉजिटिव पाए गए हैं। एएमयू जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवई कहते हैं की कोरोना वायरस संक्रमण का एक सैंपल जांच करने में 6 घंटे का समय लगता है । एक मशीन में एक वक्त में 15 सैंपल जांच के लिए रखे जाते हैं। दूसरी मशीन लगा दी गई है। जिससे सैंपल की जांच करने की गति तेज हो गई है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि हम ज्यादा से ज्यादा सैंपल की जांच कर रहे हैं। जेएन मेडिकल कॉलेज में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के सैंपल जांच के लिए आ रहे हैं । अलीगढ़ मंडल के सैंपल यहां पर प्राथमिकता के साथ जांच किए जा रहे हैं।