अलीगढ़। लॉक डाउन के दौरान कालाबाजारी और नकली माल की खपत की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। रविवार को एसडीएम कोल को विष्णुपुरी स्थित अग्रवाल किराना स्टोर के संबंध में शिकायत मिली कि यहां एक ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली घी की बिक्री की जा रही है। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम के साथ एसडीएम कोल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एफडीए की टीम के माध्यम से घी का सैंपल भरा। साथ ही अन्य सामान की भी चेकिंग की। एसडीएम कोल संजीव ओझा ने बताया कि घी के सैंपल को जांच के लिए एफडीए की लैब भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। छापामारी के दौरान इलाके की कई अन्य दुकानों पर भी चेकिंग अभियान चलाया। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि वह अपनी दुकान पर प्रशासन की ओर से तय रेट लिस्ट को चस्पा करें।