कस्बा के जवाहर चौक पर शाम पांच बजे लगभग आधा दर्जन युवकों ने दुकान में घुसकर व्यापारी पिता-पुत्र को लाठी डंडों से पीटा। हमलावरों के तेवर देखकर आसपास के दुकानदार बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। व्यापारी नेता और एक राहगीर ने बचाने की कोशिश की तो हमलावर उनसे भी अभद्रता करने लग गए। बीच-बीचाव के लिए आए युवक को भी पीट दिया। मारपीट करने के बाद हमलावर भाग गए। मामले में दुकानदार ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है।
कस्बे के मोहल्ला जहांगीराबाद निवासी विनोद अग्रवाल की जवाहर चौक बाजार में परचून की दुकान है। बुधवार शाम लगभग पांच बजे अचानक से पांच छह लोग दुकान पर पहुंचे और व्यापारी पिता-पुत्र को लाठी डंडों से पीटने लगे। दुकान का सामान बिखेर दिया। हमलावरों के तेवर देखकर आस पड़ोस के दुकानदार बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
इस दौरान मोहल्ला भीमनगर के एक युवक ने बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसे भी पीट दिया। मौके पर पहुंचे व्यापारी नेता से भी अभद्रता की। सूचना मिलने पर पुलिस जब तक वहां पहुंचती आरोपी फरार हो चुके थे। सरेशाम व्यस्ततम बाजार में हुई घटना से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। पीड़ित के साथ थाने पहुंचे व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दे दी है।
पीड़ित दुकानदार के अनुसार आरोपी उनके मोहल्ले का है, मंगलवार रात बच्चों ने बाहर पटाखा चलाया। इसी दौरान आरोपी के परिवार का बच्चा वहां होकर गुजरा था। जिसको लेकर उन्होंने उसी समय माफी मांग ली थी। उसके बावजूद दुकान में घुसकर मारपीट की।