मेडिकल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से मुखातिब गर्ग ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज कायम है। अपराधियों को वारदात करने का लाइसेंस मिल गया है। इसी कारण से व्यापारियों के साथ लगातार लूट, छिनैती, हत्या जैसी जघन्य वारदातें हो रही हैं। परेशान व्यापारियों पर लगातार टैक्स का बोझ लादा जा रहा है। इन सबके विरोध में 13 मार्च को बरेली में होने वाले प्रांतीय व्यापारी महासम्मेलन में व्यापारियों की आवाज एकजुट होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस मौके पर शीपू सर्राफ को अलीगढ़ मंडल का अध्यक्ष, सौरभ शर्मा को युवा मंडल अध्यक्ष तथा सचेंद्र सिंह को युवा मंडल महामंत्री मनोनीत किया गया।
प्रदेश के दौरे पर निकले प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने पांच मांगों पर कहा कि प्रदेश में व्यापारी सुरक्षा सेल का गठन किया जाए। 60 वर्ष से ऊपर के रजिस्टर्ड व्यापारियों के लिये पेंशन योजना लागू हो, रजिस्टर्ड व्यापारी की जीवन दुर्घटना बीमा की राशि पांच से बढ़ाकर दस लाख रुपये हो, स्टाक का बीमा कराया जाए, बढ़ी विद्युत दरें कम की जाएं तथा सुरक्षा के लिये प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस दिए जाएं। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष रवि वर्मा स्वर्णकार, प्रांतीय संगठन मंत्री सुदर्शन लाल, रतनदेव, महानगर अध्यक्ष राजकुमार प्रिंस, ठाकुर अमर प्रताप सिंह, नूर उल अमीन, तारिक जमाल शमसी, आमिर सिद्दीकी, सौरभ शर्मा, हिमांशु वार्ष्णेय आदि उपस्थित थे।