नवरात्र के साथ सराफा बाजार भी गुलजार होने जा रहा है। सराफा बाजार को नवरात्र को बेसब्री से इंतजार है। तैयारी पूरी है। दो वर्ष के कोविड कॉल के झटके से उबरने के लिए इस नवरात्र को मौका माना जा रहा है। सोने के भाव में गिरावट भी इसका बड़ा कारण माना जा रहा है। प्रमुख सराफा कारोबारी इस बार त्योहार और शादी के सीजन पर बाजार में 25 फीसदी तक बिक्री में उछाल का अनुमान अभी से लगा रहे हैं। नवरात्र के बाद दीपावली और फिर नवंबर में शादी सीजन के लिए अभी से अच्छे संकेत मिल रहे हैं।
हल्के वजन के उत्पाद की ज्यादा मांग :
बाजार में अभी से खरीदारी और जानकारी का दौर चल रहा है। हल्के वजन के आभूषणों की अधिक मांग है। शहर के सराफा व्यवसायियों से लेकर ब्रांडेड कंपनियां तक इस पर विशेष ध्यान दे रही हैं। बाजार की मांग के अनुसार हल्के वजन के उत्पाद बाजार में उतारे जा रहे हैं। नए नए डिजाइन में हल्के वजन के उत्पाद किफायती कीमत में बाजार में उपलब्ध हैं।
इस बार इन्वेस्टमेंट भी एक बड़ी सोच :
कोविड कॉल के दौर में जिन लोगों ने जरूरत पर अपने गहने बाजार में बेचे हैं, वे इस बार इन्वेस्टमेंट के उद्देश्य से सोने के गिरे हुए दामों पर माल खरीदने की तैयारी में हैं। इस तरह के तथ्य बाजार से उजागर हो रहे हैं। लोग अभी से दुकानों पर इसे लेकर जानकारी कर रहे हैं।
-आज का भाव--
-24 कैरेट गोल्ड 51480 प्रति तोला
-22 कैरेट गोल्ड 47370 प्रति तोला
-सिल्वर 59 हजार रुपये प्रति किलो
यह भी जानें
-बीआईएस हॉलमार्क मानक 14, 18, 20 व 22 कैरेट बिक्री योग्य
-बीआईएस हॉलमार्क मानक 23 कैरेट बिक्री योग्य नहीं माना गया
आर्टिफिशियल भी ला रहा ब्रांडेड की टक्कर के उत्पाद
सोने के आभूषणों को टक्कर देने के लिए आर्टीफिशियल आभूषण बनाने वाली कंपनियां भी बाजार में अच्छे उत्पाद ला रही हैं। कुछ उत्पाद ऐसे हैं जो सोने के ब्रांडेड उत्पादों को टक्कर दे रहे हैं। इनकी कीमत भी सोने से कमतर नहीं है। इसमें कारीगारी की कीमत अधिक है।
-बाजार सहालग के लिए तैयार है। आर्टिफिशियल के बहुत अच्छे उत्पाद हैं। जैसी गुणवत्ता वैसी कीमत में उत्पाद बाजार में आए हैं। कई उत्पाद सोने को टक्कर दे रहे हैं।-अतुल मिल्लत, आर्टीफिशियल विक्रेता रेलवे रोड।
-शादियों और त्योहार को लेकर इस बार बाजार में अच्छे संकेत हैं। 20 फीसदी तक उछाल के संकेत मिल रहे हैं। जैसा 2019 में बाजार था, कुछ उसी तरह की उम्मीद है। -मनित अग्रवाल, सोनी ज्वैलर्स।
-बाजार में इस समय कीमत गिरी हुई है। इसका भी हमें लाभ मिल रहा है। लोग जरूरत व इन्वेस्टमेंट दोनों उद्देश्य से उत्साहित हैं। इस बार त्योहार व शादी सीजन अच्छा जाने के संकेत हैं। -प्रियांक गुप्ता, पीसी ज्वैलर्स।
-बाजार अच्छा चल रहा है। आने वाले समय में और अच्छे परिणाम आने के संकेत हैं। इस बार 25 से 50 फीसदी तक बिक्री में उछाल के संकेत मिल रहे हैं। -विशाल गुप्ता, राधेश्याम-रोहिताश्व कुमार ज्वैलर्स।
अब हॉलमार्क की डिमांड अधिक
बाजार में अब बीआईएस हॉलमार्क उत्पादों की ज्यादा डिमांड है। हॉलमार्क उत्पाद की वापसी में भी कोई दिक्कत नहीं होती है। उस पर हॉलमार्क के अनुसार कैरेट भी दर्ज होता है।