अलीगढ़। कोरोना वायरस के चलते हुए लॉक डाउन खुलने के बाद जब अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में कक्षाएं सुचारू रूप से संपन्न होंगी तो नजारा कुछ बदला हुआ सा होगा। विभागों के बाहर वॉश बेसिन और सैनिटाइजर की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा कैंपस में छात्र मास्क के साथ नजर आएंगे। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क विभाग के एम आई सी प्रोफेसर शाफे किदवई कहते हैं लॉक डाउन खुलने के बाद सब कुछ पहले जैसा नहीं हो जाएगा । हमें बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। इसलिए सैनिटाइजर और हाथ धोने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। विश्वविद्यालय में जगह-जगह कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए निर्देश और एडवाइजरी पहले ही लगा दी गई है। इसके अलावा एक स्थान पर भीड़ जमा नहीं लगाने और सभी तरह की एहतियात बरतने की भी जरूरत होगी।