अलीगढ़ के सासनीगेट चौराहे से भुजपुरा चौराहे तक लीकेज और नालियों की सफाई संतोषजनक न मिलने, क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों के अनुपस्थित होने और भुजपुरा चौराहे पर संबंधित एसएफआई के मौजूद न होने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। अनुपस्थित सफाई कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
मंगलवार सुबह नगर आयुक्त अमित आसेरी ने अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव, पार्षद हाफिज अब्बासी के साथ भुजपुरा चौराहा और शाहजमाल में सफाई व्यवस्था का हाल जाना। एसएफआई बिशन सिंह से स्पष्टीकरण और वार्ड में नालियों की तली झाड़ सफाई का अभियान चलाने के साथ-साथ नालियों की जीआईएस मैपिंग का ब्यौरा मांगा गया। शाह जमाल डबल टंकी रोड पर निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को जोनल अधिकारी पूजा श्रीवास्तव ने ईदगाह के सामने नाले की तली, झाड़ साफ -सफाई कराए जाने के लिए प्लान तैयार कर शीघ्र सफाई कराए जाने के बारे में अवगत कराया।
शाह जमाल क्षेत्र में भी निर्धारित संख्या से सात कर्मचारियों के अनुपस्थित होने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और मौके पर अपर नगर आयुक्त को कार्य में लापरवाही बरतने वाले सेनेटरी सुपरवाइजर और एसएफआई अनिल सिंह से स्पष्टीकरण मांगा। अनुपस्थित सफाई कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए वेतन रोकने के निर्देश भी दिए। नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत रहने को कहा। 10 दिन चलने वाले नालियों की तली झाड़ सफाई अभियान के लिए अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव को नोडल अधिकारी बनाया गया है, साथ ही इसकी रोजाना मानीटरिंग करने की जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कुमार, प्रभात आदि मौजूद रहे।