प्रदेश सरकार ने जिले की एक मात्र गन्ना चीनी मिल साथा की क्षमता वृद्धि एवं उच्चीकरण का वायदा निभाते हुए बजट में इसके लिए 50.55 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ की ओर से संशोधित डीपीआर शासन को भेजी जा रही है। इस धनराशि से दि साथा चीनी मिल का उच्चीकरण किया जाएगा। मिल की क्षमता वृद्धि भी1250 से बढ़कर 1700 टीसीडी हो जाएगी। किसान पिछले पांच साल से चीनी मिल की नई यूनिट की स्थापना की मांग कर रहे हैं। साथा चीनी मिल को लेकर बीते वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले अनुपूरक बजट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की थी। जिसमें इंटीग्रेटेड शुगर कॉम्प्लेक्स के रूप में साथा मिल को तब्दील किया जाना था। सरकार ने नई चीनी मिल बनाने का पहला कदम उठा दिया है। चीनी मिल का जारी धनराशि से आधुनिकरण का कार्य होगा। हालांकि इस घोषणा के डेढ़ साल बाद भी स्थानीय स्तर पर मिल में कोई कार्य शुरू नहीं हो पाया है। अब शासन स्तर से मिल के निर्माण एवं ऑफ सीजन मरम्मत के लिए 50.55 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। इससे किसानों में खुशी की लहर छा गई है।
शासन को दि साथा चीनी मिल के निर्माण, उच्चीकरण एवं क्षमता वृद्धि के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। अभी शासन स्तर से मिल के लिए 50.55 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। इसकी डीपीआर भेजी गई थी। अब शासन के ही निर्देश पर नए सिरे से संशोधित डीपीआर भेजी जा रही है। लखनऊ से पिछले दिनों एक टीम आकर साथा चीनी मिल का निरीक्षण कर अपने सुझाव भी दे चुकी है और उसने अपनी जांच रिपोर्ट शासन को उपलब्ध भी करा दी है।
- राहुल कुमार यादव, प्रभारी, महाप्रबंधक साथा चीनी मिल
न्यायालय के आवासों के निर्माण को धनराशि जारी
शासन ने जनपद न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों के लिए श्रेणी -5 के आठ आवासों के निर्माण के लिए 463.48 लाख रुपये में से पूर्व में 231.74 लाख रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं। अब शेष बचे कार्यों के निर्माण के लिए मांग पर अवशेष धनराशि 231.74 लाख रुपये की राशि जारी कर दी गई है।
गोधा थाने के आवास निर्माण को 4.6 करोड़ जारी
जिले में बने गोधा थाने में आवासीय भवन निर्माण के लिए शासन स्तर से 4.6 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है। इससे पुलिस कर्मियों के लिए बनने वाले आवास के निर्माण कार्य में तेजी आएगी।