अलीगढ़ के जट्टारी में झूले की रस्सी का गले में फंदा फंसने से मृत अदिति का फाइल फोटो।
शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे कस्बे के जरतौली रोड स्थित भगवती सरला पालीवाल इंटर कॉलेज के समीप अपने घर पर झूला झूलते समय एक किशोरी के गले में रस्सी का फंदा कस गया। इससे किशोरी फंदे पर झूल गई। कुछ देर बाद उसकी मां छत पर पहुंची तो झूले की रस्सी पर बेटी का शव लटका देखकर उनकी चीखें निकल पड़ी। तत्काल ही परिवार वाले उसे कस्बे के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे लेकिन पहले ही किशोरी की मौत हो चुकी थी। बेटी की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था।
कस्बे के जरतौली रोड निवासी रन सिंह की 14 वर्षीय पुत्री अदिति कस्बे के ग्लोबल स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे परिवार के लोग पशुओं का चारा लेने के लिए गए हुए थे। बड़ा भाई दुकान पर बैठा था। इसी दौरान अदिति घर की तीसरी मंजिल पर दरवाजे पर टंगे झूले पर झूला झूलने पहुंच गई।
बताते हैं कि झूला झूलने के दौरान झूले पर लगी लकड़ी की पटली फिसलने से रस्सी का फंदा उसके गले में फंस गया और वह रस्सी से लटक गई। उधर चारा लेकर लौटने के कुछ देर बाद मां नीलम तीसरी मंजिल पर ऊपर पहुंची तो बेटी का शरीर रस्सी से फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए।
वह चीखने-चिल्लाने लगीं। इस पर रन सिंह भी भागते हुए ऊपर पहुंचे। उन्होंने रस्सी को गले से निकाला और बेटी को लेकर कस्बे के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर शाम परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।