ट्रेनों में भी रही धक्का-मुक्की की स्थिति
भाई दूज पर ट्रेनों में भी यात्रियों की काफी भीड़ रही। एक्सप्रेस, सुपरफास्ट ट्रेनों में सीटों की जगह नहीं के होने के हालात बने रहे। अलीगढ़-दिल्ली रूट पर चलने वाली ईएमयू पैसेंजर, टीएडी व एचएडी पैसेंजर ट्रेनों में अन्य दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ रही। इस बार रेलवे ने दिवाली पर अतिरिक्त लोकल पैसेंजर ट्रेनों का संचालन नहीं कराया, जिससे यात्रियों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा। बोगी के अंदर पहुंचने और सीटों पर बैठने के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की तक हुई। जीआरपी, आरपीएफ के जवान मुस्तैद रहकर स्थिति को नियंत्रित करते रहे।
शहर भर में जाम, रामभरोसे रही यातायात व्यवस्था
भाई दूज पर शहर की सड़कों पर चारों तरफ बस भीड़ रही। हर कोई कहीं न कहीं जाने की जल्दबाजी में दिखा। इससे पूरे दिन यातायात व्यवस्था धड़ाम रही। कुछ जगह जाम भी लगा जिससे यात्रियों को पैदल यात्रा भी करनी पड़ी।
सारसौल चौराहे से लेकर मसूदाबाद चौराहा, रसलगंज, मालगोदाम, गांधीपार्क बस स्टैंड, दुबे का पड़ाव, एटा चुंगी, धनीपुर मंडी, आगरा रोड, हाथरस अड्डा, सासनीगेट चौराहे, रामघाट रोड, क्वार्सी चौराहे पर दिन भर जाम के हालात बने रहे और वाहन रेंगते हुए निकले। इससे त्योहार पर यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस की व्यवस्थाओं की पोल भी खुली। सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड, रेलवे रोड, महावीरगंज, बड़ा बाजार, ऊपरकोट, बारहद्वारी समेत शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की काफी भीड़ रही।