गंगीरी ब्लॉक के एनआरएलएम के मैनेजर और तीन कंप्यूटर ऑपरेटरों के खिलाफ रविवार को रिपोर्ट दर्ज हुई है। संयुक्त खंड विकास अधिकारी की ओर से यह रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इन सभी पर बैंक को फर्जी पत्र भेजकर स्वयं सहायता समूहों के पदाधिकारी बदलने और गलत तरीके से बैंक से धनराशि निकालने का आरोप है।
संयुक्त खंड विकास अधिकारी नरेंद्र सिंह के अनुसार ब्लॉक कार्यालय में कार्यरत एनआरएलएम के ब्लॉक मैनेजर मनोज कुमार सहित कंप्यूटर ऑपरेटर कुंवरपाल, महेश मास्टर व मोहनलाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह सभी फर्जी तरीके से स्वयं सहायता समूहों के पदाधिकारियों को बदल रहे थे। साथ ही बैंक से गलत तरीके से धनराशि निकाल रहे थे। इस बात की शिकायतें मिल रही थीं।
टीम गठित कर जांच कराई गई तो आरोप सही पाए गए। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। थाना कोतवाली निरीक्षक बालेंद्र सिंह ने बताया कि संयुक्त खंड विकास अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।