गांधी पार्क क्षेत्र में रिश्तेदार ट्यूटर द्वारा किशोरी संग कई माह तक डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने का प्रकरण सामने आया है। रविवार शाम किशोरी के परिजन पहले आरोपी के घर पहुंचे और फिर किशोरी को लेकर थाने गए, जहां तहरीर देने की प्रक्रिया जारी थी। किशोरी का आरोप है कि आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी।
घटनाक्रम के अनुसार, गांधी पार्क थाना क्षेत्र के एक इलाके में अनुसूचित जाति के परिवार की किशोरी शहर के एक विद्यालय में पढ़ती है। इलाके का रिश्तेदार उसे अपनी शादी से पहले से ट्यूशन पढ़ाता था। इस दौरान उसने डरा-धमकाकर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना ली। शादी के बाद जब आरोपी की पत्नी को इसकी जानकारी हुई तो दोनों में विवाद हुआ। मसला कुछ दिन शांत रहा। इस बीच आरोपी एक बच्चे का पिता बन गया। लेकिन आरोपी ने अपनी हरकतें जारी रखीं। ट्यूटर की पत्नी को फिर इसकी भनक लगी तो वह मायके चली गई। इससे आरोपी को और छूट मिल गई। चिढ़ाने के लिए वह अश्लील वीडियो बनाकर अपनी पत्नी के मोबाइल पर भेजने लगा।
रविवार को पत्नी के घरवाले किशोरी के घर माजरा बताने पहुंचे तो भेद खुला। छात्रा ने बताया कि यह सब डर की वजह से अब तक चलता आ रहा है। इस पर सभी लोग आरोपी के घर पहुंचे, मगर वह भाग गया। बाद में सभी थाने पहुंचे, जहां हंगामा किया। इंस्पेक्टर ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत किया। देर शाम मामले में तहरीर लिखी जा रही थी। इधर, पुलिस दबिश के दौरान आरोपी फरार था। पूछताछ के लिए उसके भाई को थाने बैठाया गया। इंस्पेक्टर रविंद्र दुबे का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।