जिले के बहुचर्चित जहरीली शराब प्रकरण के मुख्य आरोपी शराब माफिया ऋषि कुमार पर सोमवार को रासुका की कार्रवाई की गई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी की संस्तुति पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने अंतिम मुहर लगा दी है। जिसके बाद सोमवार की देर शाम सिविल लाइंस पुलिस टीम ने आरोपी को मैनपुरी जेल में रासुका तामील कराया। बता दें कि शराब प्रकरण में यह पहली बड़ी कार्रवाई है और लंबे समय से जिले में किसी पर रासुका की कार्रवाई भी नहीं हुई है।
जिले में पिछले साल जहरीली शराब कांड हुआ था। इसमें जिले के थाना लोधा, खैर, गभाना, पिसावा, टप्पल, जवां, क्वार्सी, गांधीपार्क, महुआखेड़ा समेत कई थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से 100 से भी अधिक लोगों की मौत हो गई थी। इस प्रकरण की गूंज शासन तक पहुंची थी। प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 33 मुकदमे दर्ज कर करीब 89 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कई शराब ठेकों के लाइसेंस निरस्त किए गए। कई लोगों को शराब माफिया भी घोषित किया गया था। कस्बा जवां के रहने वाले मुख्य आरोपी ऋषि कुमार भी इनमें शामिल है। वर्तमान में ऋषि कुमार मैनपुरी जेल में है। पुलिस के अनुसार इस कांड में ऋषि पर कुल 11 मुकदमे दर्ज हुए और तीन गैंगस्टर दर्ज किए गए। इनमें थाना सिविल लाइंस में गैंगस्टर के मुकदमे को छोड़कर बाकी सभी मामलों में जमानत मिल चुकी है। ऋषि कुमार इस मामले में पिछले काफी समय से जमानत के लिए प्रयासरत है। इस प्रकरण में जमानत को लेकर हाईकोर्ट में मंगलवार को तारीख भी नियत है। इसको लेकर प्रशासन ने आरोपी पर रासुका की कार्रवाई प्रस्तावित की है। देर रात सिविल लाइंस थाने की विशेष टीम ने मैनपुरी जेल पहुंचकर रात करीब नौ बजे आरोपी ऋषि कुमार पर रासुका तामील करा दिया है।