ब्रज की रानी राधाजी का प्राकट्य उत्सव रविवार को बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। महानगर से लेकर देहात क्षेत्र के मंदिरों पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
महानगर के श्री वार्ष्णेय मंदिर पर राधाष्टमी पर बृषभानदुलारी श्री राधारानी का दुग्धाभिषेक किया गया । मंदिर महंत पंडित मनोज मिश्रा एवं पंडित महेश ब्रह्मचारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य विधि- विधान से राधा- रानी का अभिषेक दूध, दही, घी, गंगाजल,शहद आदि से कराया। भक्तों ने यहां राधा रानी का पंचामृत से अभिषेक किया।
राधाष्टमी कोनार्क परिवार की ओर से राधा नाम संकीर्तन भजन संध्या एवं भंडारे का आयोजन हुआ। मथुरा- गोवर्धन से आए कलाकारों के राधा नाम संकीर्तन में श्रद्धालु जमकर झूमे। मीठे रस से भरी प्यारी राधे रानी.., घूंघटा उठाए के राधे मुखड़ा दिखाए के.. जैसे भजनों पर भक्तों का मन मोह लिया। राधा जन्मोत्सव पर बधाई दी गई और उपहार भी लुटाए। यहां अनमोल वार्ष्णेय, कुमुद वार्ष्णेय, अवनीश वार्ष्णेय, नलनीष वार्ष्णेय, मधुर वार्ष्णेय, मिलन वार्ष्णेय, महक वार्ष्णेय,मोहित वार्ष्णेय,अमित गुप्ता,अतुल राजाजी, राधेलाल गुप्ता, मंदिर व्यवस्थापक राधे श्याम गुप्ता, भुवनेश आधुनिक, अलका गुप्ता पार्षद, नीरू गुप्ता, कल्पना वार्ष्णेय, अंजू वार्ष्णेय, डॉ. मुकेश कुमार, ख्यालीराम वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे । श्री वासुदेव मंदिर में राधा रानी का प्राकट्य उत्सव धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। जयगंज स्थित द्वारिकाधीश, मंगलेश्वर महादेव मंदिर में भजन- कीर्तन के साथ प्रसाद बांटा गया। शहर में घर-घर श्री राधा रानी का प्राकट्य उत्सव पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह राधा रानी का पूजन और आरती हुई।