प्रशासन की सख्ती के बाद भी जिले में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। कोल तहसील के लोधा गांव में एक प्रॉपर्टी डीलर ने चकरोड की जमीन पर निजी फायदे के लिए रास्ता बना दिया। शिकायत पर एसडीएम कोल ने पुलिस बल की मौजूदगी में चकरोड से अवैध कब्जा हटवा दिया।
एसडीएम कोल रविशंकर सिंह ने बताया कि करीब 50 लाख कीमत की गाटा संख्या 736 की करीब एक बीघा सरकारी जमीन पर एक प्रॉपर्टी डीलर ने कब्जा करते हुए उस पर निजी रास्ता बनवा दिया था। कुछ दिन पहले कब्जे की सूचना मिली थी। राजस्व टीम से इसकी जांच कराई गई थी।
जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी डीलर ने निजी फायदे के लिए इस सरकारी जमीन पर चकरोड डालकर उस पर पक्का निर्माण करने का प्रयास किया जा रहा था। बुधवार को स्वयं एसडीएम रविशंकर सिंह, नायब तहसीलदार प्रवेश कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से चकरोड पर बनाए गए निजी रास्ते को उखाड़कर चकरोड की जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया। डीलर को कड़ी हिदायत दी गई है। संवाद