अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने एएमयू से जुड़े स्कूलों के हॉस्टल में रह रहे विद्यार्थियों को उनके घरों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की है। सोमवार से ऐसे छात्रों और छात्राओं की लिस्टिंग का कार्य शुरू हुआ। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। मार्च महीने में हुए लॉक डाउन के बाद यह सभी विद्यार्थी अपने छात्रावासों में ही फंस कर रह गए थे। विश्वविद्यालय के साथ-साथ एएमयू से जुड़े स्कूलों में भी आवासीय सुविधा उपलब्ध है। एएमयू गर्ल्स स्कूल, प्लस टू बॉयज, एसटीएस हाई स्कूल मिंटो सर्किल, प्लस टू गर्ल्स आदि स्कूलों में आवासीय सुविधा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध है। कक्षा 6 के बाद विद्यार्थी को हॉस्टल की सुविधा दी जाती है। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक हालांकि अधिकांश छात्र छात्राएं अपने घर पहुंच चुके हैं, इसके बाद भी 100 के करीब विद्यार्थी ऐसे हैं जो हॉस्टलों में ही रह रहे थे। अब इनको भी इनके घरों तक पहुंचाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रोफेसर वसीम अली कहते हैं कि अभी डीएसडब्ल्यू द्वारा ऐसे सभी विद्यार्थियों की लिस्ट बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार से सभी विद्यार्थियों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। इनको इनके घर तक ट्रेन से या बस के माध्यम से भेजा जाएगा, यह अभी तय नहीं है। समय और परिस्थिति के अनुसार जो भी शीघ्र संभव होगा उसी माध्यम को अपनाया जाएगा।