मंगलवार रात क्षेत्र के कई गांवों में ड्रोन उड़ने की सूचनाओं पर गोंडा थाना पुलिस इस गांव से उस गांव दौड़ती रही। गांव उत्तमपुर, निठावरी, चामड़, हसनगढ़, डेटा, नगला बलराम, कलवारी, कनेटपुर आदि के निवासियों ने मंगलवार की रात 11 बजे के बाद से गांव के ऊपर ड्रोन उड़ने की सूचनाएं थाना पुलिस को दीं। ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें गांव के ऊपर कई रंगों की लाइटें हवा में दिखाई दे रही थीं। आवाजें भी आ रहीं थीं। ग्रामीणों को आशंका हुई कि ड्रोन कैमरों के जरिये चोर उनके गांव की सुरागरसी कर रहे हैं। देर रात करीब एक बजे तक अलग-अलग गांवों में ऐसी ही सूचनाएं फैलती रहीं। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि तीन गांवों से ड्रोन उड़ने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई। ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए कहा गया है।