वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि बूथों की संवेदनशीलता को देखते हुए ऑनलाईन केन्द्र मानीटरिंग सिस्टम, वेवकास्टिंग, वीडियोग्राफी, सीसीटीवी कैमरे, फ्लाईंग स्कॉट टीम, स्थैटिक स्कार्ट टीम, क्विक रिस्पॉन्स टीम सहित अन्य टीमों को एक्टिव किया गया है। मतदान के दिन बूथ स्तर पर पीठासीन अधिकारी से लेकर जोनल मजिस्ट्रेट तक के सभी अधिकारियों, मतकार्मिकों, पुलिस कर्मियों का नाम, डिटेल्स, मोबाइल नम्बर सब फीड रहेगा और लोकेशन स्थल के लिए आक्षांश व देशात्तर रेखा की एक्जैक्ट जानकारी रहेगी, जिससे जनपद में कही से भी शिकायत आने पर कुछ ही मिनटों में उसका समाधान कर लिया जाएगा।
अलग-अलग कार्यालयों में होंगे नामांकन
न्यायालय जिलाधिकारी कलैक्ट्रेट में महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल होंगे। नगर निगम वार्ड संख्या 01-10 तक न्यायालय नगर मजिस्ट्रेट, नगर निगम वार्ड संख्या 11-20 तक न्यायालय अपर जिलाधिकारी नगर, नगर निगम वार्ड संख्या 21-30 न्यायालय अपर जिलाधिकारी प्रशासन, नगर निगम वार्ड संख्या 31-40 न्यायालय अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, नगर निगम वार्ड संख्या 41-50 तक न्यायालय अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, नगर निगम वार्ड संख्या 51-60 तक अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, 61-70 तक न्यायालय उप संचालक चकबन्दी, 71-80 तक कार्यालय जिलापूर्ति अधिकारी पुरानी बिल्डिंग, 81-90 तक न्यायालय अपर जिलाधिकारी न्यायिक कक्ष में नामांकन प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक किए जाएंगे। नगर पंचायत जलाली, कौडियागंज, पिलखना, जवां सिकंदरपुर, मडराक, विजयगढ़, हरदुआगंज के लिए नामांकन कोल तहसील में होगा। नगर पालिका खैर और नगर पंचायत जट्टारी के नामांकन खैर तहसील, नगरपालिका अतरौली, नगर पंचायत छर्रा के लिए नामांकन अतरौली तहसील, नगर पंचायत इगलास, बेसवां के लिए इगलास तहसील, नगर पंचायत गभाना, चंडौस, पिसावा, बरौली के लिए गभाना तहसील में नामांकन कराए जाएंगे।
यहां होगी मतगणना
नगर निगम समेत नगर पंचायत जलाली, कौड़ियागंज, पिलखना, जवां सिकंदरपुर, विजयगढ़, हरदुआगंज की मतगणना कृषि उत्पादन मंडी परिषद धनीपुर में कराई जाएगी। खैर एवं जट्टारी की मतगणना कृषि उत्पादन मंडी परिषद खैर में होगी। अतरौली एवं छर्रा की मतगणना केएमबी इंटर कालेज अतरौली में होगी। इगलास बेसवां की मतगणना शिवदान सिंह इंटर कालेज में होगी। गभाना, चंडौस, पिसावा, बरौली कि मतगणना उप कृषि मंडी समिति गभाना में कराई जाएगी।
18 नगर निकायों के 329 वार्डों के लिए होगा चुनाव
अलीगढ़ के कुल 18 नगर निकायों के 329 वार्डों के लिए 1177317 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 6.22 लाख पुरूष मतदाता एवं 5.55 लाख महिला मतदाता हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए 309 मतदान केन्द्रों पर 1063 मतदेय स्थल बनाये गये है। जिनमें 31 अति संवेदनशील प्लस, 62 अतिसंवेदनशील, 93 संवेदनशील मतकेन्द्र चिन्ह्ति किए गये है। पूरे निर्वाचन को सुव्यवस्थित व सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी निकायों में चेयरमैन व सभासद के लिए रिटर्निग आफिसर क्रमशः 18 व 43 और सहायक रिटर्निग आफिसर क्रमशः 40 व 101, नगर निगम में जोनल मजिस्ट्रेट 15, सेक्टर मजिस्ट्रेट 30, समस्त नगर पंचायतों को 19 जोन एवं 29 सेक्टर्स में बांटा गया है।