स्वर्णजयंती नगर के पास असदपुर क्याम में एडीए जल्द ही आवासीय योजना विकसित करेगा। इसके लिए डीएम के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। शासन की मंजूरी मिलने के बाद यहां आवसीय योजना विकसित की जाएगी। एडीए की 78वीं बोर्ड की बैठक में असदपुर क्याम में अर्जित की गई 53.213 हेक्टेयर जमीन पर आवासीय योजना का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय लिया गया था।
बोर्ड द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में अनुस्मारक पत्र डीएम को भेजे गए हैं। इसी तरह से कोल तहसील के गांव किशनपुर में गाटा संख्या 337 में 657 हेक्टेयर भूमि को अर्जन मुक्त करने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय हुआ था। इस प्रकरण में सर्वोच्च न्यायालय में राज्य बनाम नत्थू सिंह अन्य वाद विचाराधीन है। अब सुप्रीम कोर्ट से आने वाले फैसले और शासन की मंजूरी के बाद इस आवासीय कालोनी को बसाए जाने का रास्ता साफ होगा।