अलीगंज (एटा) के लॉजिस्टिक कारोबारी व सीमेंट सप्लायर संदीप गुप्ता हत्याकांड में शुक्रवार को पहले गवाह की गवाही पूरी हो गई। अब इस मामले में दूसरे गवाह के रूप में घटना के समय संदीप के साथ मौजूद चश्मदीद गवाह उनके भतीजे लवेश व कार चालक को तलब किया गया है। अदालत ने 21 सितंबर तारीख नियत की है।
अभियोजन अधिवक्ता एडीजीसी कृष्ण मुरारी जौहरी के अनुसार, एडीजे-3 की अदालत में पहले गवाह के रूप में वादी मुकदमा संदीप के भाई सुजीत की गवाही दर्ज हुई। इस दौरान आरोपियों के अधिवक्ताओं की ओर से जिरह की गई।
इस मुकदमे में मुख्य शूटर के रूप में प्रवीन बाजौता, जितेंद्र उर्फ कंजा, प्रवीन का भाई प्रदीप आरोपी हैं, जबकि साजिश के आरोपी ट्रांसपोर्टर राजीव अग्रवाल, बेटा अंकुश अग्रवाल, उसके दोस्त साहिल यादव, अनुराग यादव, मनीष, उत्कर्ष चौधरी, दुष्यंत चौधरी व तीन नाबालिग हैं।
इनमें से दस बालिग आरोपियों के खिलाफ यहां ट्रायल चल रहा है। बता दें कि पश्चिमी यूपी के लॉजिस्टिक व सीमेंट सप्लाई कारोबार में खासा रसूख रखने वाले संदीप गुप्ता की हत्या शहर के गांधी आई तिराहे पर की गई थी।